Rajasthan Weather Update: राजस्थान में भीषण गर्मी के बीच मंगलवार को मौसम ने अचानक करवट ले ली। एक तरफ जहां पश्चिमी राजस्थान के कई जिलों में तापमान 45 डिग्री के पार पहुंच गया, वहीं दूसरी ओर पूर्वी और उत्तरी जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि देखने को मिली।
पश्चिमी विक्षोभ के असर से अलवर, झुंझुनूं और धौलपुर समेत कई इलाकों में मौसम अचानक बदल गया। तेज अंधड़ और बारिश के कारण लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली, लेकिन कई जगह बिजली व्यवस्था और जनजीवन प्रभावित हो गया।
झुंझुनूं में बारिश के साथ गिरे चने के आकार के ओले
झुंझुनूं जिले में मंगलवार सुबह तेज धूप और उमस का असर रहा, लेकिन दोपहर बाद मौसम पूरी तरह बदल गया। आसमान में काले बादल छा गए और शाम होते-होते तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
जिले के कई इलाकों में बारिश के साथ ओलावृष्टि भी हुई। नांद, खेतड़ी क्षेत्र के बबाई और गाडराटा गांवों में चने के आकार के ओले गिरने की जानकारी सामने आई है।
बारिश के चलते लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवा के कारण कई क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। ग्रामीण इलाकों में कुछ समय तक अंधेरा छाया रहा।
अलवर में तेज आंधी और बारिश से बदला मौसम
अलवर जिले में भी मंगलवार दोपहर बाद अचानक मौसम ने करवट ली। सुबह तक तेज धूप और गर्म हवाओं का असर था, लेकिन दोपहर के बाद घने बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई।
बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को राहत महसूस हुई। हालांकि तेज आंधी के कारण मालाखेड़ा कस्बे सहित आसपास के कई गांवों में बिजली व्यवस्था प्रभावित हो गई।
मिर्जापुर, खानपुर, बंदीपुरा और गुर्जरवास समेत कई क्षेत्रों में बिजली के पोल और ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हो गए। जानकारी के अनुसार तेज आंधी में करीब 10 ट्रांसफार्मर और 20 बिजली पोल टूट गए, जिससे कई गांवों की बिजली सप्लाई बंद हो गई।
धौलपुर में धूलभरी आंधी से जनजीवन प्रभावित
धौलपुर जिले में मंगलवार शाम अचानक तेज धूलभरी हवा चलने लगी। अंधड़ और हल्की बारिश के कारण कई इलाकों में लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा।
बाड़ी कस्बे सहित आसपास के क्षेत्रों में कई पेड़ गिर गए। एक जगह पेड़ कार के ऊपर गिर गया, हालांकि उस समय गाड़ी में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
तेज आंधी के चलते कई रास्ते भी बाधित हो गए। वहीं शहर के कुछ हिस्सों में बिजली तार टूटने से बिजली आपूर्ति प्रभावित रही। मौसम बदलने के बाद लोगों को तेज गर्मी से राहत जरूर मिली।
पश्चिमी राजस्थान में जारी रही भीषण गर्मी
जहां पूर्वी राजस्थान में बारिश और आंधी का असर देखने को मिला, वहीं पश्चिमी राजस्थान के कई जिले अब भी भीषण गर्मी की चपेट में रहे।
बाड़मेर, जैसलमेर, जोधपुर और बीकानेर जैसे जिलों में तापमान 45 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया। गर्म हवाओं और तेज धूप के कारण दिनभर लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
अगले कुछ दिनों में फिर बदल सकता है मौसम
मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कुछ जिलों में अगले कुछ दिनों तक आंधी, हल्की बारिश और तेज हवाओं का असर बना रह सकता है।
हालांकि पश्चिमी राजस्थान में गर्मी का प्रकोप फिलहाल जारी रहने की संभावना है। मौसम में लगातार हो रहे बदलाव के चलते लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है।




