Rain Alert: भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर में मौसम में हो रहे बड़े बदलाव को लेकर अपडेट जारी किया है। जहाँ उत्तर और मध्य भारत के कई राज्यों में न्यूनतम तापमान में गिरावट के साथ ठंड का प्रकोप बढ़ रहा है, वहीं दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में भारी बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।
दक्षिण के इन राज्यों में रहेगी मूसलाधार बारिश
मौसम विभाग ने दक्षिण भारत के कई हिस्सों के लिए अगले कुछ दिनों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। IMD के पूर्वानुमान के मुताबिक:
- 13 नवंबर और 16 से 18 नवंबर के दौरान तमिलनाडु में कुछ स्थानों पर भारी बारिश होने की संभावना है।
- 13 नवंबर और 17 से 19 नवंबर के दौरान केरल और माहे में मध्यम से भारी बारिश की संभावना है।
- 17 से 19 नवंबर के दौरान तटीय आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भी भारी बारिश हो सकती है।
उत्तर-मध्य भारत में जारी रहेगी शीतलहर
उत्तर और मध्य भारत में ठंड ने अपनी पकड़ मजबूत कर ली है और आने वाले दिनों में यह सिलसिला जारी रहने वाला है। मौसम विभाग ने निम्नलिखित इलाकों के लिए शीतलहर (Cold Wave) का पूर्वानुमान जताया है:
- 13-14 नवंबर: पश्चिमी मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में शीत लहर से लेकर गंभीर शीत लहर की स्थिति।
- 13 से 16 नवंबर: छत्तीसगढ़ और पूर्वी मध्य प्रदेश के कुछ स्थानों पर शीत लहर जारी रह सकती है।
- 15-16 नवंबर: पश्चिमी मध्य प्रदेश में कुछ जगहों पर शीत लहर की संभावना।
राजस्थान में पारा लुढ़का, कोहरे ने दस्तक दी
राजस्थान में न्यूनतम तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। सीकर जिले के फतेहपुर में बीती रात 7.0 डिग्री सेल्सियस सबसे कम तापमान दर्ज किया गया। राज्य के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य से 1-2 डिग्री कम रिकॉर्ड किया गया है। अगले एक सप्ताह तक राज्य में मौसम शुष्क रहने और न्यूनतम तापमान में और गिरावट की संभावना है।
इसके अलावा, अगले 5 दिनों के दौरान पूर्वोत्तर भारत और उत्तर प्रदेश में हल्के से मध्यम स्तर का कोहरा छाए रहने की संभावना है।





